Saturday, April 29, 2023

लौ

धूप धूल

पग शूल छिली

सतत अथक

अनवरत् चली


अब लो ठहर

तुम एक पहर

पोंछ घाम

कुछ लो विराम


खुद को निहार

लो खुदी निखार

कुछ हुनर सँवार

करो खुद से प्यार


एक नई डगर

अब नया सफर

अपनी ही लौ

हो जा प्रखर


अपनी ही लौ

हो जा प्रखर


(प्रतिमा की सेवा निवृत्ति के अवसर पर)

Tuesday, March 21, 2023

खोज

किरण नवजात

काट नाभि-नाल

पृथक हुई प्रकाश से


भाने लगा किरण को

भान किरण होने का

भान पृथक होने का


भाने लगी किरण को

अन्य किरणें बड़ी

उनका साया बड़ा


अब बढ़ चली किरण

हर्ष, द्वेष, भोग की होड़ में 

और फैलने लगा साया  


फैलता गया बड़ा साया

और ढकता गया  

बड़ी किरण को


अब फैले बड़े साये में

सिमटी बड़ी किरण है

खोज रही प्रकाश को


क्या उतरेगी बड़ी किरण

अपनी ही छोटी नाभि में

और होगी एक प्रकाश से 


 

Friday, October 21, 2022

नदी

 (१ )

गौर से देखो

क्या दिख रही है तुम्हें 

नदी?


या दिख रहा है केवल जल

जो नहीं नदी

जो न ही नदी से पृथक। 


या दिख रहे हैं केवल

प्रवाह कलकल

कंकड़ पत्थर

मीन मगर

पर्ण डाल

और प्रतिबिंब

जो सारे 

नहीं नदी

न ही नदी से पृथक। 

 

जल, प्रवाह

कलकल कोलाहल

कंकड़ पत्थर

मीन मगर

पर्ण डाल

कटते सारे काल छुरी से

रिसते सारे स्थान धुरी पर


गौर से देखो

क्या दिख रही है तुम्हें

वह खड़ी हुई 

स्थान स्थिर

और काल स्थिर

नदी?


(२)

अब गौर से देखो

देख रही है नदी

तुम्हें। 


पर देख रही वह 

किस तुम को ?


तुम जो कट रहे

काल छुरी से,

जो रिस रहे

स्थान धुरी पर


या तुम जो   

जो खड़े हुए

स्थान स्थिर

और काल स्थिर 


(३)

ऐ नदी

गौर से देखो

क्या दिख रही है तुम्हें

नदी ?

Friday, July 2, 2021

राहु

भूत भविष
भाव भावना
भय औ भव के
भ्रम जाल में
ढक रखा है
राहु ने
सूरज को

अपना ओज 
निखार
राहु को
राख कर
जल उठना
यही सूरज का
धर्म है 

Tuesday, June 29, 2021

तितली

तुमने सुना होगा
एक तितली के
पंख फडफडाने भर से
तूफान आता है

मैंने देखा है
उस तितली
और उस तूफान को
अपने भीतर

Thursday, May 27, 2021

भविष्य की लाश

एक दिन तुम 
एक गुम्बद पर चढ़े थे
और तुम पर चढ़ा था
भूत का भूत

तुमने गिराया था 
उस गुम्बद को
और उस भूत ने तुम्हारे 
भविष्य के भविष्य को

अब सिंहासन पर
भूत बैठा है और 
भविष्य की लाश 
तैर रही है गंगा में

Wednesday, May 26, 2021

गिनती

गिनती नहीं इतने ये शव
गिनती नहीं जिनकी ये शव
मुए क्यों नहीं  मरते ये शव



दस्तक

दस्तक देता रहता है कि सुन सके अपनी ही दस्तक "मैं" मैं को शक है अपने होने पर मैं को भय है अपने न होने का